अंकिता भंडारी के माता-पिता हिरासत के बाद रिहा, इंडिया गेट पर रातभर दिया था धरना

नई दिल्ली: उत्तराखंड की अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर इंडिया गेट के पास धरना दे रहे अंकिता के माता-पिता को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लेने के कुछ घंटों बाद गुरुवार, 15 अक्टूबर की सुबह करीब 5 बजे रिहा कर दिया। इस दौरान कांग्रेस के कई नेताओं को भी हिरासत में लिया गया और बाद में छोड़ दिया गया।

अंकिता के माता-पिता वीरेंद्र भंडारी और सोनी देवी मांग कर रहे हैं कि मामले की जारी CBI जांच पूरी होने तक भाजपा नेता दुष्यंत कुमार गौतम की सिक्किम के राज्यपाल के रूप में नियुक्ति पर रोक लगाई जाए।

राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी पहुंचे

बुधवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने इंडिया गेट पहुंचकर अंकिता के माता-पिता से मुलाकात की। परिवार का कहना है कि उनकी बेटी की हत्या के मामले में कथित VIP की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए।

क्या है अंकिता भंडारी हत्याकांड?

19 वर्षीय अंकिता भंडारी ऋषिकेश के वनंतरा रिजॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट के तौर पर काम करती थीं। सितंबर 2022 में उनकी हत्या कर दी गई थी। इस मामले में रिजॉर्ट के मालिक पुलकित आर्य और उसके दो साथियों को मई 2025 में दोषी ठहराते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी।

हालांकि, मामले में कथित VIP की भूमिका को लेकर परिवार लगातार सवाल उठा रहा है। परिवार ने दुष्यंत कुमार गौतम का नाम भी अपने आरोपों में लिया है। गौतम ने इन आरोपों से इनकार किया है और आरोप लगाने वालों के खिलाफ मानहानि की कार्यवाही शुरू की है।

अंकिता के माता-पिता का कहना है कि जब तक CBI जांच पूरी नहीं होती, तब तक राज्यपाल के रूप में गौतम की नियुक्ति पर रोक लगाई जानी चाहिए।

लेटेस्ट न्यूज़