जिस कैंसर का इलाज खोजने में जीवन लगा दिया, उसी बीमारी से गईं डॉ. रचना श्रॉफ की जान, 47 साल की उम्र में निधन

भारतीय मूल की अमेरिकी कैंसर विशेषज्ञ और शोधकर्ता डॉ. रचना श्रॉफ का 47 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वह जिस बीमारी के इलाज की खोज में अपना करियर समर्पित कर चुकी थीं, उसी आक्रामक कैंसर से उनकी मौत हुई। न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, वह टर्मिनल एडेनोकार्सिनोमा से जूझ रही थीं। उनके निधन से चिकित्सा जगत में शोक की लहर है।

डॉ. रचना श्रॉफ अमेरिका की यूनिवर्सिटी ऑफ एरिजोना में प्रोफेसर और प्रतिष्ठित कैंसर विशेषज्ञ थीं। उन्हें विशेष रूप से अग्नाशय (पैंक्रियाज) और पित्त नली के कैंसर पर उनके शोध और विशेषज्ञता के लिए जाना जाता था। वह यूनिवर्सिटी के हेमेटोलॉजी एवं ऑन्कोलॉजी विभाग की प्रमुख थीं। इसके अलावा, वह यूनिवर्सिटी ऑफ एरिजोना कैंसर सेंटर में क्लिनिकल रिसर्च से जुड़ी अहम जिम्मेदारी निभा रही थीं और कॉलेज ऑफ मेडिसिन में क्लिनिकल एवं ट्रांसलेशनल रिसर्च की एसोसिएट डीन भी थीं।

अपने लंबे करियर में उन्होंने 80 से अधिक शोधपत्र प्रकाशित किए और कैंसर के बेहतर इलाज विकसित करने के उद्देश्य से कई क्लिनिकल ट्रायल का नेतृत्व किया। उनका काम खास तौर पर जटिल और दुर्लभ कैंसर से जूझ रहे मरीजों के लिए नए उपचार विकल्प तलाशने पर केंद्रित था। अमेरिकन सोसाइटी ऑफ क्लिनिकल ऑन्कोलॉजी सहित कई चिकित्सा संगठनों और उनके सहकर्मियों ने उन्हें एक संवेदनशील डॉक्टर और समर्पित शोधकर्ता के रूप में याद किया।

डॉ. श्रॉफ ने ब्राउन यूनिवर्सिटी से स्नातक की पढ़ाई पूरी की और थॉमस जेफरसन यूनिवर्सिटी से मेडिकल की डिग्री हासिल की। इसके बाद उन्होंने टेक्सास के एमडी एंडरसन कैंसर सेंटर में फेलोशिप की। वर्ष 2010 से 2018 तक उन्होंने इसी संस्थान में गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल मेडिकल ऑन्कोलॉजी के क्षेत्र में एसोसिएट प्रोफेसर के तौर पर काम किया। 2018 में वह यूनिवर्सिटी ऑफ एरिजोना से जुड़ गईं।

इस साल बीमारी का पता चलने से पहले डॉ. श्रॉफ ने कथित तौर पर अपनी गर्दन में एक लिम्फ नोड में सूजन महसूस की थी। शुरुआत में डॉक्टरों को लिंफोमा होने की आशंका थी, लेकिन आगे की जांच में अधिक गंभीर और आक्रामक एडेनोकार्सिनोमा का पता चला। यह कैंसर शरीर के अंदरूनी अंगों की ग्रंथियों की परत बनाने वाली कोशिकाओं से विकसित होता है।

अपने पेशेवर जीवन के साथ-साथ वह दो बच्चों की मां भी थीं। उनके 13 वर्षीय बेटे सचिन और 17 वर्षीय बेटी सिमरन हैं। उनके पति डॉ. पुनीत श्रॉफ चिकित्सा के प्रोफेसर हैं और बैनर मेडिकल ग्रुप के एलर्जी क्लिनिक में एसोसिएट डायरेक्टर के तौर पर कार्यरत हैं।

डॉ. रचना श्रॉफ का जीवन कैंसर के खिलाफ चिकित्सा अनुसंधान और मरीजों की देखभाल के प्रति समर्पण की मिसाल रहा। उन्होंने अपने शोध और क्लिनिकल ट्रायल के जरिए कैंसर के उपचार को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

 

लेटेस्ट न्यूज़