CEC ज्ञानेश कुमार को 48 घंटे का अल्टीमेटम, इस्तीफा नहीं दिया तो ‘जंतर-मंतर 2.0’ की चेतावनी

नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार से 48 घंटे के भीतर इस्तीफा देने की मांग की है। पार्टी ने चेतावनी दी है कि अगर ज्ञानेश कुमार पद से इस्तीफा नहीं देते हैं तो देशभर में आंदोलन शुरू किया जाएगा और दिल्ली में ‘जंतर-मंतर 2.0’ के तहत प्रदर्शन किया जाएगा। CJP ने यह मांग विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और मतदाता सूची से जुड़े विवाद के बीच उठाई है।

CJP के राष्ट्रीय संयोजक अभिजीत दीपके ने गुरुवार को नई दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावी प्रक्रिया में गड़बड़ी हुई है और बड़ी संख्या में लोगों के मतदान के अधिकार को प्रभावित किया जा रहा है। दीपके ने दावा किया कि SIR की प्रक्रिया के दौरान 13 करोड़ से अधिक मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। उन्होंने इस संख्या को देश के कुल मतदाताओं का करीब 13 से 14 प्रतिशत बताया।

दीपके ने कहा कि अगर 48 घंटे के भीतर CEC इस्तीफा नहीं देते हैं तो पहले राष्ट्रव्यापी आंदोलन शुरू किया जाएगा और इसके बाद दिल्ली में अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार के इस्तीफा नहीं देने की स्थिति में ‘जंतर-मंतर 2.0’ निश्चित रूप से होगा। CJP ने चुनावी प्रक्रिया को लेकर कई अन्य मांगें भी रखी हैं।

पार्टी ने SIR की प्रक्रिया पर रोक लगाने और आगामी चुनावों को फिलहाल स्थगित करने की मांग की है। इसके अलावा CJP ने मांग की है कि मतदाता सूची से जुड़े मामलों की समीक्षा की जाए और SIR से पहले की स्थिति को बहाल किया जाए। पार्टी ने चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं की स्वतंत्र जांच की मांग भी की है।

यह विवाद निर्वाचन आयोग के भीतर निर्णय प्रक्रिया को लेकर सामने आई आपत्तियों के बाद और बढ़ा है। निर्वाचन आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी द्वारा पिछले महीनों में मतदाता पंजीकरण, नाम हटाने और बहाल करने तथा चुनावी रोल सिस्टम से जुड़े कुछ फैसलों पर आपत्ति जताए जाने की जानकारी सामने आई है। CJP ने दोनों निर्वाचन आयुक्तों से इन मुद्दों पर सार्वजनिक रूप से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है।

वहीं, निर्वाचन आयोग ने निर्णय प्रक्रिया में मतभेद को संस्थागत विचार-विमर्श का सामान्य हिस्सा बताया है। आयोग के अनुसार, अंतिम रूप से लिए गए फैसले सभी तीनों निर्वाचन आयुक्तों की मंजूरी के बाद लिए गए हैं। आयोग ने SIR समेत अपने फैसलों को कानूनी प्रक्रिया के तहत और सर्वसम्मति से लिया गया बताया है।

CJP ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त और अन्य निर्वाचन आयुक्तों की नियुक्ति से जुड़े कानून में बदलाव की भी मांग की है। पार्टी का कहना है कि निर्वाचन आयोग की नियुक्ति प्रक्रिया में अधिक व्यापक संस्थागत और नागरिक भागीदारी होनी चाहिए। साथ ही, CJP ने ज्ञानेश कुमार के खिलाफ स्वतंत्र जांच और SIR से जुड़े फैसलों की समीक्षा की मांग दोहराई है।

 

लेटेस्ट न्यूज़