CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ राहुल गांधी का बड़ा प्रदर्शन, पुलिस ने हिरासत में लिया; ‘इस्तीफा दो’ के नारे

नई दिल्ली: मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्षी दलों ने मंगलवार को दिल्ली में बड़ा प्रदर्शन किया। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में INDIA ब्लॉक के करीब 300 सांसद संसद से चुनाव आयोग के मुख्यालय की ओर मार्च करने निकले। पुलिस ने मार्च को निर्वाचन सदन से कुछ दूरी पर रोक दिया, जिसके बाद विपक्षी सांसदों ने सड़क पर धरना शुरू कर दिया। बाद में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और कई अन्य नेता अकाशवाणी भवन परिसर में पहुंचकर धरने पर बैठ गए।

विपक्षी सांसदों की मांग थी कि उन्हें चुनाव आयोग के अधिकारियों से मिलने दिया जाए और CEC ज्ञानेश कुमार के सामने मतदाता सूची से जुड़े मुद्दे उठाने की अनुमति दी जाए। प्रदर्शनकारियों ने विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR, मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं और Form 6 में किए गए बदलावों को लेकर सवाल उठाए। विपक्ष ने इन मुद्दों को ‘वोट चोरी’ से जोड़ते हुए CEC के इस्तीफे की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत कई नेताओं ने पुलिस बैरिकेड पार करने की कोशिश की। राहुल गांधी कुछ समय के लिए बैरिकेड के ऊपर भी चढ़े और हाथ में तिरंगा लेकर नजर आए। इसके बाद वह अकाशवाणी भवन के परिसर में पहुंच गए। प्रियंका गांधी भी उनके साथ वहां पहुंचीं। राहुल गांधी ने कहा कि वह केवल CEC से मिलना चाहते हैं और अगर उन्हें वहां बैठने से रोका जाता है तो पुलिस उन्हें प्रदर्शन के लिए कोई दूसरी जगह बताए।

धरने के दौरान राहुल गांधी ने CEC पर मतदाता सूची से जुड़ी गड़बड़ियों का आरोप लगाया और कहा कि विपक्ष चुनाव आयोग से जवाब चाहता है। उन्होंने सोशल मीडिया पर भी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग दोहराई।

कई घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल और अन्य नेताओं को हिरासत में ले लिया। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, तृणमूल कांग्रेस के अभिषेक बनर्जी और डेरेक ओ’ब्रायन समेत कई विपक्षी नेताओं को भी हिरासत में लिया गया। बाद में नेताओं को रिहा कर दिया गया।

इस बीच, चुनाव आयोग ने कहा कि मंगलवार शाम 4 बजे तक किसी राजनीतिक दल ने आयोग से औपचारिक मुलाकात का अनुरोध नहीं किया था। आयोग के अनुसार, बाद में दिल्ली पुलिस ने बताया कि राहुल गांधी के नेतृत्व में करीब 240 सांसदों का प्रतिनिधिमंडल मुलाकात करना चाहता है। आयोग ने संसद भवन परिसर में मुलाकात की मांग को अपने निर्धारित प्रोटोकॉल से अलग बताया।

चुनाव आयोग ने कहा कि उसने प्रतिनिधिमंडल का ज्ञापन लेने के लिए अपने वरिष्ठ अधिकारी को संसद भवन परिसर भेजने की पेशकश की थी, लेकिन विपक्षी सांसदों ने इसे स्वीकार नहीं किया। आयोग ने यह भी कहा कि राजनीतिक दलों या संयुक्त प्रतिनिधिमंडल की बैठक के लिए पहले से निर्धारित प्रक्रिया का पालन किया जाता है।

विपक्ष का कहना है कि चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूची को लेकर उठाए गए सवालों का जवाब चुनाव आयोग को देना चाहिए। वहीं, चुनाव आयोग SIR और मतदाता सूची से जुड़े अपने फैसलों को नियमों के अनुरूप बता रहा है।

लेटेस्ट न्यूज़