नई दिल्ली: दिल्ली में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन यानी SIR के तहत जारी ड्राफ्ट मतदाता सूची ने बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। चुनाव अधिकारियों के मुताबिक, करीब 33 लाख मतदाताओं के रिकॉर्ड में किसी न किसी तरह की विसंगति पाई गई है और अब इन मतदाताओं को नोटिस भेजकर दस्तावेज या स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। वहीं, SIR के ड्राफ्ट चरण में दिल्ली के करीब 47.5 लाख मतदाताओं के नाम सूची से बाहर हो गए हैं।
30 जून तक दिल्ली की मतदाता सूची में करीब 1 करोड़ 45 लाख मतदाता दर्ज थे, लेकिन SIR के बाद जारी ड्राफ्ट रोल में सिर्फ 97 लाख 53 हजार 577 नाम शामिल किए गए हैं। यानी करीब 33 फीसदी मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट सूची में नहीं हैं। अधिकारियों के मुताबिक, SIR का मकसद मतदाता सूची का सत्यापन करना है, ताकि पात्र नागरिकों के नाम बरकरार रहें और अपात्र नाम हटाए जा सकें।
अब बात उन 33 लाख मतदाताओं की, जिन्हें नोटिस भेजा जा सकता है। अधिकारियों के मुताबिक, इनमें करीब 19 लाख मतदाताओं के रिकॉर्ड में ‘लॉजिकल डिस्क्रेपेंसी’ यानी जानकारियों में असंगति पाई गई है, जबकि करीब 14 लाख मतदाताओं का नाम 2002 की मतदाता सूची से लिंक या मैप नहीं हो पाया है।
अधिकारियों का कहना है कि बड़ी संख्या में मामलों में मौजूदा मतदाता सूची और 2002 की सूची में नामों की स्पेलिंग अलग होने जैसी वजहें सामने आई हैं। ऐसे मतदाताओं को सही नाम और अपनी पात्रता साबित करने वाले दस्तावेज देने होंगे। हालांकि, चुनाव अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया है कि नोटिस मिलना अपने आप में किसी मतदाता को अपात्र घोषित करने का मतलब नहीं है। नोटिस पाने वाले व्यक्ति को जवाब देने और जरूरी दस्तावेज जमा करने का पूरा मौका मिलेगा।
लेकिन इस पूरी प्रक्रिया में सबसे ज्यादा चर्चा उन आंकड़ों की हो रही है, जो अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों से सामने आए हैं। दिल्ली में जहां कुल मिलाकर करीब 33 फीसदी नाम ड्राफ्ट सूची से बाहर हुए हैं, वहीं अल्पसंख्यक आबादी वाली और SC आरक्षित कुछ सीटों पर यह प्रतिशत इससे काफी ज्यादा है।
ओखला में करीब 45 फीसदी मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट रोल में नहीं हैं। यहां कुल 3 लाख 62 हजार 813 मतदाता थे, जिनमें से 1 लाख 63 हजार 829 नाम ड्राफ्ट सूची से बाहर हो गए। वहीं SC आरक्षित पटेल नगर में करीब 42 फीसदी मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट सूची में शामिल नहीं किए गए हैं।
अल्पसंख्यक बहुल दूसरे इलाकों में भी आंकड़े दिल्ली के औसत से कम या ज्यादा अलग नहीं हैं। चांदनी चौक में करीब 38 फीसदी, बल्लिमारान में 32 फीसदी, मुस्तफाबाद में 28 फीसदी, बाबरपुर में 26 फीसदी, मटिया महल में 24 फीसदी और सीलमपुर में करीब 23 फीसदी मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट सूची से बाहर हुए हैं।
इन आंकड़ों ने इस सवाल को जन्म दिया है कि आखिर कुछ सामाजिक और राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण इलाकों में मतदाताओं के नाम बाहर होने का प्रतिशत इतना ज्यादा क्यों है। हालांकि, सिर्फ ड्राफ्ट सूची से नाम बाहर होने के आधार पर यह कहना जल्दबाजी होगी कि इन मतदाताओं का वोटिंग अधिकार खत्म हो गया है। नोटिस के बाद उन्हें अपनी पात्रता साबित करने और दस्तावेज जमा करने का अवसर मिलेगा और अंतिम मतदाता सूची में कई नाम वापस भी जोड़े जा सकते हैं।
चुनाव आयोग की ओर से सुझाए गए दस्तावेजों में जन्म प्रमाणपत्र, पासपोर्ट, मैट्रिक या अन्य शैक्षणिक प्रमाणपत्र, सरकारी दस्तावेज, बैंक, पोस्ट ऑफिस और LIC के पुराने रिकॉर्ड, स्थायी निवास प्रमाणपत्र, फैमिली रजिस्टर और सरकार द्वारा जारी जमीन या मकान आवंटन प्रमाणपत्र जैसे दस्तावेज शामिल हैं।
दस्तावेजों की जरूरत मतदाता की जन्मतिथि के हिसाब से अलग-अलग होगी। 1 जुलाई 1987 से पहले जन्मे लोगों को अपनी जन्मतिथि और या जन्मस्थान का प्रमाण देना होगा। 1 जुलाई 1987 से 2 दिसंबर 2004 के बीच जन्मे लोगों को अपने और माता-पिता में से किसी एक से संबंधित दस्तावेज देने होंगे। वहीं 2 दिसंबर 2004 के बाद जन्मे लोगों को अपने साथ दोनों माता-पिता से जुड़े दस्तावेज देने होंगे।
अधिकारियों के मुताबिक, SIR के तहत दिल्ली में ड्राफ्ट चरण पर 33 फीसदी नाम हटना उन राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में सबसे ज्यादा है जहां यह प्रक्रिया शुरू की गई है। अब निगाहें इस बात पर हैं कि नोटिस पाने वाले 33 लाख मतदाताओं में से कितने अपनी पात्रता साबित कर पाते हैं और अंतिम मतदाता सूची में कितने नाम वापस शामिल किए जाते हैं। यही आंकड़े बताएंगे कि ड्राफ्ट चरण में हुई इतनी बड़ी संख्या में कटौती का अंतिम असर दिल्ली की मतदाता सूची पर कितना पड़ता है।