वैश्विक संकट के बीच दिल्ली में BRICS समिट, मोदी-पुतिन-शी जिनपिंग समेत जुटेंगे बड़े नेता

नई दिल्ली: भारत इस सप्ताहांत 18वें BRICS शिखर सम्मेलन की मेजबानी करने जा रहा है। 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली के भारत मंडपम में होने वाली बैठक में BRICS के 11 सदस्य देशों के शीर्ष नेता हिस्सा लेंगे। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन समेत कई प्रमुख नेताओं की मौजूदगी के बीच यह बैठक ऐसे समय हो रही है, जब दुनिया कई गंभीर भू-राजनीतिक और आर्थिक संकटों से गुजर रही है।

इस बार का सम्मेलन खास तौर पर इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि BRICS के विस्तार के बाद समूह के भीतर अलग-अलग देशों के हित और प्राथमिकताएं भी सामने आई हैं। भारत, रूस, चीन, ईरान और संयुक्त अरब अमीरात जैसे देशों के बीच पश्चिम एशिया के मौजूदा संघर्ष को लेकर समान रुख बनाना आसान नहीं होगा। ईरान और यूएई दोनों BRICS के सदस्य हैं, लेकिन मौजूदा क्षेत्रीय तनाव ने समूह के सामने एकजुट रुख बनाने की चुनौती बढ़ा दी है।

पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष का असर वैश्विक ऊर्जा बाजार पर भी पड़ा है। होर्मुज जलडमरूमध्य से तेल व्यापार में व्यवधान ने कच्चे तेल की कीमतों और वैश्विक आपूर्ति को लेकर चिंता बढ़ाई है। ऐसे में ऊर्जा सुरक्षा और महत्वपूर्ण आपूर्ति श्रृंखलाओं की मजबूती BRICS नेताओं की चर्चा के प्रमुख मुद्दों में शामिल हो सकती है।

सम्मेलन में वैश्विक शासन व्यवस्था में सुधार और बहुपक्षवाद को मजबूत करने पर भी चर्चा होने की संभावना है। BRICS लंबे समय से वैश्विक संस्थानों में विकासशील देशों की भूमिका बढ़ाने और मौजूदा अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था में सुधार की मांग करता रहा है। भारत के लिए यह सम्मेलन अपने रणनीतिक हितों को संतुलित करने का भी महत्वपूर्ण अवसर है।

व्यापार और निवेश भी बैठक के प्रमुख एजेंडे में रहेंगे। BRICS देशों के बीच व्यापारिक बाधाओं को कम करने, भुगतान प्रणालियों को मजबूत करने और स्थानीय मुद्राओं के इस्तेमाल को बढ़ाने जैसे मुद्दों पर चर्चा हो सकती है। आपूर्ति श्रृंखलाओं को अधिक मजबूत और टिकाऊ बनाने के लिए सहयोग बढ़ाने पर भी जोर दिया जा सकता है।

तकनीक, खाद्य सुरक्षा, ऊर्जा, सार्वजनिक स्वास्थ्य और आपदा प्रबंधन जैसे मुद्दे भी सम्मेलन के व्यापक एजेंडे का हिस्सा हैं। BRICS के बढ़ते आकार के साथ समूह की वैश्विक आर्थिक और राजनीतिक भूमिका भी बढ़ी है। यह समूह अब दुनिया की करीब आधी आबादी और वैश्विक अर्थव्यवस्था के बड़े हिस्से का प्रतिनिधित्व करता है।

सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पुतिन और शी जिनपिंग के साथ द्विपक्षीय बैठकों पर भी विशेष नजर रहेगी। भारत के लिए रूस और चीन के साथ संबंधों के साथ-साथ पश्चिमी देशों के साथ अपने रणनीतिक रिश्तों को संतुलित रखना महत्वपूर्ण है।

ऐसे समय में जब युद्ध, व्यापार तनाव और ऊर्जा संकट वैश्विक राजनीति को प्रभावित कर रहे हैं, दिल्ली में होने वाला BRICS सम्मेलन की सबसे बड़ी परीक्षा यह होगी कि अलग-अलग हितों वाले सदस्य देश मौजूदा वैश्विक संकटों पर कितनी साझा जमीन तैयार कर पाते हैं।

 

लेटेस्ट न्यूज़