दिल्ली में बुज़ुर्गों के लिए खुलेंगे ‘वयो आनंद’ केंद्र, सरकार देगी सालाना ₹2.4 लाख की मदद

नई दिल्ली: दिल्ली सरकार वरिष्ठ नागरिकों के लिए ‘वयो आनंद’ योजना शुरू करने जा रही है। मुख्यमंत्री कार्यालय के बयान के अनुसार, इस योजना के तहत ऐसे मनोरंजन केंद्र विकसित किए जाएंगे, जहां बुज़ुर्ग सामाजिक मेलजोल, मनोरंजन और विभिन्न गतिविधियों में हिस्सा ले सकेंगे।

इन केंद्रों में कैरम और लूडो जैसे इंडोर गेम्स के साथ बैठने की व्यवस्था, पंखे, कूलर, टेलीविज़न और कंप्यूटर उपलब्ध कराए जाएंगे। यहां समाचार पत्र, पत्रिकाएं और किताबें भी रखी जाएंगी। इसके अलावा वरिष्ठ नागरिकों के लिए योग और मेडिटेशन की कक्षाएं आयोजित की जाएंगी।

सरकार के अनुसार, योजना के तहत पात्र मनोरंजन केंद्रों को ₹2.4 लाख की वार्षिक वित्तीय सहायता दी जाएगी। इसके लिए केंद्र में कम से कम 200 सदस्य ऐसे होने चाहिए, जिनकी उम्र 60 वर्ष या उससे अधिक हो।

मुख्यमंत्री कार्यालय के बयान के मुताबिक, ये केंद्र सप्ताह में कम से कम पांच दिन और रोज़ाना न्यूनतम सात घंटे संचालित होंगे। इनके संचालन का समय सुबह 7 बजे से रात 8 बजे के बीच रखा जाएगा। केंद्रों में पर्याप्त वेंटिलेशन और शौचालय की सुविधा भी सुनिश्चित की जाएगी।

वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ग्राउंड फ्लोर पर स्थित केंद्रों या लिफ्ट वाली इमारतों को प्राथमिकता दी जाएगी। योजना में महिलाओं, दिव्यांगों और ट्रांसजेंडर वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित करने पर भी ज़ोर दिया गया है।

आपात स्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए इन केंद्रों का आसपास के पुलिस थानों और अस्पतालों के साथ समन्वय भी रखा जाएगा। सरकार का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को सक्रिय, स्वस्थ और सामाजिक रूप से जुड़े रहने के लिए सुरक्षित और सुविधाजनक स्थान उपलब्ध कराना है।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि वरिष्ठ नागरिक समाज की महत्वपूर्ण संपत्ति हैं और उनकी गरिमा, स्वास्थ्य, सक्रिय जीवनशैली तथा सामाजिक भागीदारी सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है।

लेटेस्ट न्यूज़