ममता बनर्जी से मिले CJP के अभिजीत दीप्ते, INDIA गठबंधन की रैली को समर्थन लेकिन प्रदर्शन में नहीं होंगे शामिल

नई दिल्ली: CJP के संस्थापक अभिजीत दीप्ते ने शनिवार, 31 अक्टूबर को दिल्ली में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने INDIA गठबंधन की ‘वोट चोरी’ के खिलाफ प्रस्तावित महारैली को अपना समर्थन दिया। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि CJP रविवार को रामलीला मैदान में होने वाले विपक्ष के प्रदर्शन में औपचारिक रूप से शामिल नहीं होगी।

मुलाकात के बाद अभिजीत दीप्ते ने कहा कि वह ममता बनर्जी का आभार जताने आए थे, क्योंकि उन्होंने संगठन के युवा आंदोलनों का लगातार समर्थन किया है। उन्होंने जंतर-मंतर पर NEET पेपर लीक के खिलाफ हुए CJP के पहले प्रदर्शन का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौरान भी ममता बनर्जी युवाओं के साथ खड़ी थीं। दिल्ली पुलिस द्वारा संगठन के नेताओं सौरव दास और आशुतोष रांका की गिरफ्तारी के समय भी उन्होंने समर्थन दिया था।

INDIA गठबंधन की रैली में शामिल होने के सवाल पर दीप्ते ने कहा कि उनकी पार्टी प्रदर्शन के मुद्दे का समर्थन करती है, लेकिन अपनी स्वतंत्र और निष्पक्ष पहचान बनाए रखना चाहती है। उन्होंने कहा कि कॉकroach जनता पार्टी एक स्वतंत्र संगठन और न्यूट्रल प्लेटफॉर्म है, इसलिए वह किसी राजनीतिक गठबंधन का हिस्सा नहीं बनना चाहती।

दीप्ते ने आगे कहा कि कथित वोट चोरी के खिलाफ लड़ने वाले सभी संगठनों को CJP का समर्थन मिलेगा। उनके मुताबिक, यह मुद्दा किसी एक संगठन या राजनीतिक दल तक सीमित नहीं है।

वहीं, ममता बनर्जी ने CJP के युवा कार्यकर्ताओं की तारीफ की। उन्होंने कहा कि इन युवाओं ने आंदोलन को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई है और वे इस आंदोलन के संस्थापक और अग्रणी रहे हैं। ममता बनर्जी ने अभिजीत दीप्ते और अन्य कार्यकर्ताओं को पश्चिम बंगाल आकर कार्यक्रम आयोजित करने का निमंत्रण भी दिया।

यह मुलाकात 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली INDIA गठबंधन की महारैली से एक दिन पहले हुई। इस रैली में विपक्षी दल मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कथित चुनावी अनियमितताओं और SIR के मुद्दे पर विरोध दर्ज कराने वाले हैं।

लेटेस्ट न्यूज़