दिल्ली-पटना रूट पर दौड़ी देश की पहली AC कोच वाली अमृत भारत एक्सप्रेस, जानिए क्या हैं खासियतें

नई दिल्ली: भारतीय रेलवे ने अमृत भारत एक्सप्रेस के नए संस्करण को लेकर एक बड़ी पहल की है। देश की पहली AC कोच वाली अमृत भारत एक्सप्रेस 3.0 को दिल्ली-पटना रूट पर शुरू किया गया है। इस ट्रेन में पहली बार AC और नॉन-AC दोनों तरह के कोच शामिल किए गए हैं। इससे यात्रियों को अपनी जरूरत और बजट के हिसाब से सफर करने के ज्यादा विकल्प मिलेंगे।

रेलवे की ओर से इस नई ट्रेन को छठ पूजा के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए स्पेशल सर्विस के तौर पर चलाया गया है। ट्रेन 11 नवंबर की आधी रात को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से पटना के लिए रवाना हुई। इस दौरान दिल्ली और बिहार के बीच त्योहार के समय यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा देने की कोशिश की गई है।

22 कोच वाली होगी नई अमृत भारत एक्सप्रेस

अमृत भारत एक्सप्रेस 3.0 में कुल 22 कोच रखे गए हैं। इनमें 6 थर्ड AC, 2 सेकेंड AC और 1 फर्स्ट AC कोच शामिल हैं। इसके अलावा 6 स्लीपर, 4 जनरल, 1 पैंट्री कार, 1 पावर कार और 1 दिव्यांगजन-कम-गार्ड ब्रेक वैन भी है।

इस तरह पहली बार अमृत भारत एक्सप्रेस में जनरल और स्लीपर श्रेणी के साथ AC में सफर करने का विकल्प भी दिया गया है।

यात्रियों की सुविधा के लिए किए गए बदलाव

रेलवे के मुताबिक, नई ट्रेन में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई बदलाव किए गए हैं। इसमें आरामदायक सीटें, बेहतर सस्पेंशन सिस्टम, आधुनिक टॉयलेट और मोबाइल चार्जिंग पॉइंट जैसी सुविधाएं दी गई हैं।

इसके अलावा ट्रेन में पुश-पुल तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। इस तकनीक से ट्रेन को तेजी से गति पकड़ने में मदद मिलती है और यात्रा के दौरान बेहतर संचालन संभव होता है।

कोच के अंदरूनी हिस्सों में भी नए रंग और डिजाइन का इस्तेमाल किया गया है। रेलवे के अनुसार, कोच में इस्तेमाल होने वाली सामग्री HL3 फायर सेफ्टी मानकों के अनुरूप है।

आम यात्रियों को ध्यान में रखकर शुरू हुई थी अमृत भारत एक्सप्रेस

अमृत भारत एक्सप्रेस की शुरुआत साल 2023 में हुई थी। इसका उद्देश्य कम और मध्यम आय वर्ग के यात्रियों को किफायती किराये में बेहतर रेल यात्रा उपलब्ध कराना था। इसके शुरुआती संस्करण में केवल नॉन-एसी कोच रखे गए थे।

अब अमृत भारत 3.0 में AC कोच शामिल किए जाने से इस ट्रेन का दायरा बढ़ा है। दिल्ली-पटना रूट पर इसकी शुरुआत को रेलवे के लिए एक नए प्रयोग के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, फिलहाल इसे छठ पूजा के लिए स्पेशल सर्विस के रूप में चलाया गया है।

लेटेस्ट न्यूज़