गुजरात के प्रदूषण मॉडल से दिल्ली को मिल सकता है बड़ा सबक, ‘कम प्रदूषण’ को बनाया गया कमाई का जरिया

नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में हर साल सर्दियों के दौरान वायु प्रदूषण गंभीर चुनौती बन जाता है। प्रदूषण कम करने के लिए प्रतिबंध, निरीक्षण, जुर्माने और औद्योगिक इकाइयों पर कार्रवाई जैसे कदम उठाए जाते हैं, लेकिन गुजरात में करीब 15 साल पहले शुरू हुई एक अलग सोच अब दिल्ली के लिए संभावित समाधान का रास्ता दिखा रही है। इस मॉडल में उद्योगों को केवल नियम तोड़ने पर दंडित करने के बजाय कम प्रदूषण करने के लिए आर्थिक प्रोत्साहन दिया जाता है।

गुजरात में विकसित यह व्यवस्था Emissions Trading Scheme (ETS) पर आधारित है। इसके तहत किसी औद्योगिक क्षेत्र के लिए प्रदूषण की अधिकतम सीमा तय की जाती है और उसके भीतर प्रदूषण परमिट बांटे जाते हैं। जो कारखाने अपने निर्धारित लक्ष्य से ज्यादा प्रदूषण कम कर लेते हैं, वे बची हुई परमिट दूसरी इकाइयों को बेच सकते हैं। इससे बेहतर प्रदर्शन करने वाली कंपनियों को आर्थिक लाभ मिलता है, जबकि जिन उद्योगों के लिए प्रदूषण कम करना अधिक महंगा है, उन्हें अपने लक्ष्य पूरा करने में कुछ लचीलापन मिलता है। महत्वपूर्ण बात यह है कि पूरे औद्योगिक क्षेत्र में प्रदूषण की कुल सीमा बनी रहती है।

इस मॉडल का बड़ा परीक्षण गुजरात के सूरत में 2019 में किया गया। इसमें 317 बड़े कोयला आधारित औद्योगिक संयंत्रों में से 162 को शामिल किया गया, जबकि बाकी इकाइयां पारंपरिक नियमन के तहत रहीं। करीब दो साल चले इस अध्ययन में ETS के तहत आने वाले संयंत्रों से पार्टिकुलेट प्रदूषण में 20 से 30 फीसदी की कमी दर्ज की गई। साथ ही प्रदूषण नियंत्रण की लागत भी 11 फीसदी कम हुई।

इस व्यवस्था का एक और महत्वपूर्ण नतीजा अनुपालन से जुड़ा रहा। ETS में शामिल इकाइयों का अनुपालन करीब 99 फीसदी तक पहुंच गया, जबकि पारंपरिक व्यवस्था में यह लगभग दो-तिहाई था। अध्ययन में यह भी अनुमान लगाया गया कि इस मॉडल से मिलने वाले लाभ इसकी लागत से कम से कम 25 गुना अधिक रहे। सामान्य स्थिति में एक औद्योगिक संयंत्र हर महीने करीब 1,300 किलोग्राम पार्टिकुलेट मैटर उत्सर्जित करता था, जबकि ETS के तहत समान उद्योगों में यह घटकर करीब 900-1,000 किलोग्राम रह गया।

गुजरात का यह प्रयोग अब राज्य की सीमाओं से बाहर भी पहुंच रहा है। महाराष्ट्र और राजस्थान में भी इससे प्रेरित कार्यक्रम सामने आए हैं। ब्राजील के रियो डी जेनेरियो ने भी औद्योगिक पार्टिकुलेट प्रदूषण के लिए इसी तरह की व्यवस्था अपनाने की संभावनाओं पर विचार करने के लिए एक पत्र पर हस्ताक्षर किया है। लागू होने पर यह दक्षिण अमेरिका की पहली ऐसी औद्योगिक उत्सर्जन ट्रेडिंग व्यवस्था होगी।

हालांकि, दिल्ली-एनसीआर में इस मॉडल को सीधे लागू करना आसान नहीं होगा। राजधानी क्षेत्र का प्रदूषण केवल औद्योगिक उत्सर्जन तक सीमित नहीं है और इसमें कई अलग-अलग स्रोत शामिल हैं। फिर भी गुजरात का अनुभव यह संकेत देता है कि प्रदूषण नियंत्रण को केवल दंड और प्रतिबंधों से जोड़ने के बजाय आर्थिक प्रोत्साहन और वैज्ञानिक निगरानी के साथ भी आगे बढ़ाया जा सकता है। उद्योगों के लिए कम उत्सर्जन को आर्थिक लाभ से जोड़ना दिल्ली के प्रदूषण संकट से निपटने की रणनीति में एक अतिरिक्त विकल्प बन सकता है।

लेटेस्ट न्यूज़