नई दिल्ली: मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्ष का विरोध प्रदर्शन शुक्रवार को चौथे दिन भी जारी रहने वाला है। कांग्रेस और INDIA ब्लॉक के अन्य दलों ने संसद से राष्ट्रपति भवन तक मार्च निकालने की योजना बनाई है। विपक्षी नेताओं ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलने का अनुरोध किया है, लेकिन फिलहाल मुलाकात के लिए समय मिलने की पुष्टि नहीं हुई है।
कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने बताया कि विपक्षी नेताओं ने राष्ट्रपति से मिलने का समय मांगा है और वे जवाब का इंतजार कर रहे हैं। विपक्ष का उद्देश्य राष्ट्रपति के सामने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) और चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं से जुड़े मुद्दे उठाना है।
यह विरोध प्रदर्शन मंगलवार को शुरू हुआ था, जब राहुल गांधी के नेतृत्व में विपक्षी सांसदों ने चुनाव आयोग के कार्यालय की ओर मार्च करने की कोशिश की थी। दिल्ली पुलिस ने उन्हें रास्ते में रोक दिया। इसके बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और अन्य नेताओं ने आकाशवाणी भवन परिसर में धरना दिया। कई सांसदों को हिरासत में भी लिया गया था। बुधवार को जंतर-मंतर की ओर जाने की कोशिश के दौरान भी पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोका।
गुरुवार को विपक्षी सांसदों ने दिल्ली के राजघाट पर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी और धरना दिया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत कई नेता इस प्रदर्शन में शामिल हुए। विपक्ष ने आंदोलन को लोकतंत्र, संविधान और मताधिकार की रक्षा की लड़ाई बताया है। राहुल गांधी ने कहा कि चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित होने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।
विपक्ष का आरोप है कि SIR प्रक्रिया के जरिए पात्र मतदाताओं के नाम हटाए जाने का खतरा है और चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठ रहे हैं। विपक्षी दलों ने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे के साथ मतदाता सूची की समीक्षा में पारदर्शिता और कथित अनियमितताओं की जांच की मांग की है।
दूसरी ओर, चुनाव आयोग ने विपक्ष के आरोपों को खारिज किया है। आयोग का कहना है कि मतदाता सूची का पुनरीक्षण निर्धारित नियमों के तहत किया जा रहा है। भाजपा नेताओं ने भी विपक्ष के प्रदर्शन की आलोचना करते हुए आरोप लगाया है कि इससे संवैधानिक संस्थाओं पर दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है।
इस बीच, CJP यानी कॉकroach जनता पार्टी ने 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर अलग प्रदर्शन का आह्वान किया है। संगठन के संस्थापक अभिजीत दीपके ने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाई है। इस प्रदर्शन से पहले दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है और पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया है।
विपक्ष का राष्ट्रपति भवन तक प्रस्तावित मार्च ऐसे समय हो रहा है, जब दिल्ली में लगातार तीन दिनों से विरोध प्रदर्शन और पुलिस के साथ टकराव की घटनाएं सामने आई हैं। राष्ट्रपति से मुलाकात होती है या नहीं, इस पर अब सभी की नजरें टिकी हैं।