H-1B वीज़ा पर ट्रम्प प्रशासन का बड़ा झटका, अब 1 करोड़ रुपये से ज़्यादा हो सकती है फ़ीस

वॉशिंगटन: अमेरिका में H-1B वीज़ा के ज़रिए नौकरी करने का सपना देखने वाले विदेशी प्रोफ़ेशनल्स के लिए ट्रम्प प्रशासन ने बड़ा बदलाव प्रस्तावित किया है। अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग (DHS) ने कुछ नए H-1B वीजा आवेदनों पर 1,03,265 डॉलर यानी करीब 1 करोड़ रुपये से अधिक की फ़ीस लगाने का प्रस्ताव रखा है। यह प्रस्ताव अभी अंतिम नियम नहीं है और इस पर 30 दिनों तक सार्वजनिक टिप्पणियां मांगी गई हैं। H-1B वीज़ा अमेरिकी कंपनियों को टेक्नोलॉजी, इंजीनियरिंग, रिसर्च, शिक्षा और अन्य विशेषज्ञता वाले क्षेत्रों में विदेशी कर्मचारियों को नियुक्त करने की अनुमति देता है। इस कार्यक्रम में हर साल 65,000 सामान्य वीजा और अमेरिकी संस्थानों से एडवांस्ड डिग्री हासिल करने वालों के लिए अतिरिक्त 20,000 वीज़ा उपलब्ध होते हैं।

प्रस्तावित 1,03,265 डॉलर की फ़ीस मौजूदा सामान्य H-1B लागत की तुलना में कई गुना अधिक है। इसका भुगतान मुख्य रूप से उन नए H-1B पिटीशनों के लिए नियोक्ताओं को करना होगा, जो वार्षिक कैप के तहत आते हैं। हालांकि, सभी H-1B मामलों पर यह शुल्क लागू नहीं होगा। कुछ कैप-एग्जेम्प्ट श्रेणियों को इससे बाहर रखा गया है।

इस फ़ैसले का असर भारतीय प्रोफ़ेशनल्स पर खास तौर पर पड़ सकता है, क्योंकि भारतीय नागरिक लंबे समय से H-1B कार्यक्रम के सबसे बड़े लाभार्थियों में शामिल रहे हैं। अमेरिका में बड़ी संख्या में भारतीय IT और टेक्नोलॉजी प्रोफ़ेशनल H-1B वीज़ा के ज़रिए काम करते हैं। नई फ़ीस लागू होने पर अमेरिकी कंपनियों के लिए किसी विदेशी कर्मचारी को H-1B के ज़रिए नियुक्त करना काफ़ी महंगा हो सकता है। नई प्रस्तावित फ़ीस का संबंध पिछले साल लगाए गए 1 लाख डॉलर के शुल्क से भी है। ट्रम्प प्रशासन ने 2025 में H-1B वीज़ा पर 1 लाख डॉलर की अतिरिक्त फ़ीस लागू की थी। हालांकि, जून 2026 में एक संघीय न्यायाधीश ने उस नीति को गैरकानूनी बताते हुए रोक दिया था। मामला अभी अदालतों में चुनौती के दौर से गुज़र रहा है।

नए प्रस्ताव के ज़रिए प्रशासन अब इसी तरह की भारी फ़ीस को औपचारिक नियामक प्रक्रिया के माध्यम से लागू करने की कोशिश कर रहा है। प्रस्ताव को अंतिम रूप देने से पहले सार्वजनिक टिप्पणियां ली जाएंगी और इसके बाद नियम में बदलाव या अंतिम मंजूरी का फ़ैसला किया जाएगा।

अमेरिकी प्रशासन का तर्क है कि H-1B कार्यक्रम का इस्तेमाल अमेरिकी कर्मचारियों की जगह विदेशी कर्मचारियों को नियुक्त करने के लिए नहीं होना चाहिए। वहीं, आलोचकों और कारोबारी संगठनों का कहना है कि इतनी अधिक फ़ीस से टेक्नोलॉजी और अन्य विशेषज्ञता वाले क्षेत्रों में कंपनियों के लिए ज़रूरी विदेशी प्रतिभाओं को नियुक्त करना मुश्किल हो सकता है।

अगर यह प्रस्ताव अंतिम नियम के रूप में लागू होता है, तो इसका असर अमेरिका में काम करने की योजना बना रहे हज़ारों विदेशी प्रोफ़ेशनल और उन्हें नियुक्त करने वाली कंपनियों पर पड़ सकता है। हालांकि, फ़िलहाल यह केवल प्रस्ताव है और इसके अंतिम रूप तथा कानूनी स्थिति पर आगे होने वाली प्रक्रिया महत्वपूर्ण होगी।

लेटेस्ट न्यूज़