दक्षिणी लेबनान में भारी जंग के बीच इजरायली हवाई हमला, 18 लोगों की मौत; इजरायल के 4 सैनिक भी ढेर

बेरूत/तेहरान: इजरायल और हिजबुल्लाह के बीच जारी युद्धविराम समझौते के खतरों के बावजूद दक्षिणी लेबनान में जंग बेहद भीषण हो गई है। शुक्रवार को आई रिपोर्ट्स के अनुसार, इजरायली सेना द्वारा दक्षिणी लेबनान में किए गए ताजा हवाई हमलों में कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई है। इजरायली सैन्य प्रशासन ने शुक्रवार को घोषणा की कि उसने रात भर दक्षिणी लेबनान में कई ठिकानों पर ताबड़तोड़ बमबारी की है। वहीं, दूसरी ओर ईरान समर्थित हिजबुल्लाह ने भी इस इलाके में भीषण लड़ाई होने की पुष्टि की है। लेबनान की राष्ट्रीय समाचार एजेंसी (NNA) के मुताबिक, इन हवाई हमलों में अब तक कम से कम 18 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि इजरायली सेना का कहना है कि उसका यह सैन्य अभियान अभी भी जारी है। इजरायल का दावा है कि उसने युद्धविराम के उल्लंघन के जवाब में हिजबुल्लाह के 80 से अधिक ठिकानों को निशाना बनाया है और उसके दर्जनों लड़ाकों को मार गिराया है। इस भीषण जमीनी लड़ाई में इजरायली सेना को भी बड़ा झटका लगा है, जहां एक बटालियन कमांडर समेत उसके चार सैनिक मारे गए हैं।

इस बीच, दोनों पक्षों के बीच बढ़ती दुश्मनी के कारण स्विट्जरलैंड में अमेरिका और ईरान के बीच होने वाली महत्वपूर्ण ‘तकनीकी’ वार्ता टल गई है, जिसका उद्देश्य युद्ध को स्थायी रूप से समाप्त करना था। खबरों के मुताबिक, ईरान ने लेबनान पर इजरायल के लगातार हो रहे हमलों के विरोध में अपनी टीम भेजने से साफ इनकार कर दिया है। इधर इजरायल का रुख सख्त है, उसका कहना है कि हिजबुल्लाह के खिलाफ वह दक्षिणी लेबनान में हवाई हमले और जमीनी कब्जा बरकरार रखेगा ताकि उत्तरी इजरायल पर होने वाले हमलों को रोका जा सके। इस बीच, हिजबुल्लाह द्वारा चार इजरायली सैनिकों को मारे जाने की खबर पर इजरायल के दक्षिणपंथी राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री इतामार बेन-ग्विर ने सोशल मीडिया पर बेहद भड़काऊ पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि “पूरे लेबनान को जल जाना चाहिए।” वहीं, उन्हीं की विचारधारा के वित्त मंत्री बेजलेल स्मोट्रिच ने भी आक्रामक रुख अपनाते हुए इजरायल से “नर्क के दरवाजे खोलने” का आह्वान किया है, जिससे इस क्षेत्र में तनाव और ज्यादा गहरा गया है।

लेटेस्ट न्यूज़