जामिया में ऑनलाइन होंगी सेमेस्टर परीक्षाएं, 24 नवंबर तक बढ़ीं वर्चुअल क्लासेज़

नई दिल्ली: जामिया मिल्लिया इस्लामिया ने छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सेमेस्टर परीक्षाएं ऑनलाइन कराने का फैसला लिया है। विश्वविद्यालय ने ऑनलाइन क्लासेज़ की अवधि भी बढ़ाकर 24 नवंबर 2026 तक कर दी है। इससे पहले ऑनलाइन कक्षाएं 8 नवंबर तक चलाने का आदेश दिया गया था। विश्वविद्यालय प्रशासन ने 28 अक्टूबर को जारी आदेश में यह जानकारी दी।

दिसंबर में होंगी ऑनलाइन परीक्षाएं

विश्वविद्यालय के नए आदेश के अनुसार, विषम सेमेस्टर (Odd Semester) की प्रैक्टिकल परीक्षाएं, फील्डवर्क, प्रोजेक्ट वाइवा और माइनर प्रोजेक्ट वाइवा 25 से 30 नवंबर के बीच ऑनलाइन आयोजित किए जाएंगे। वहीं, सेमेस्टर की थ्योरी परीक्षाएं 1 दिसंबर से 24 दिसंबर 2026 तक ऑनलाइन होंगी।

विश्वविद्यालय ने सभी विभागों के डीन, विभागाध्यक्षों और निदेशकों को ऑनलाइन कक्षाओं और परीक्षाओं के सुचारू संचालन के लिए जरूरी व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।

कैंपस की स्थिति को देखते हुए फैसला

विश्वविद्यालय प्रशासन के मुताबिक, कैंपस की मौजूदा स्थिति सामान्य शैक्षणिक गतिविधियों के अनुकूल नहीं है। छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऑनलाइन पढ़ाई और परीक्षाओं को जारी रखने का निर्णय लिया गया है।

यह फैसला ऐसे समय में आया है, जब जामिया में छात्र संघ की बहाली और चुनाव की समयसीमा तय करने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन जारी हैं। छात्र लंबे समय से जामिया मिल्लिया इस्लामिया स्टूडेंट्स यूनियन (JMISU) को बहाल करने की मांग कर रहे हैं।

जनवरी में शुरू होंगी अगले सेमेस्टर की कक्षाएं

जामिया के संशोधित शैक्षणिक कैलेंडर के मुताबिक, विश्वविद्यालय में शीतकालीन अवकाश 25 दिसंबर 2026 से 12 जनवरी 2027 तक रहेगा। इसके बाद सम सेमेस्टर (Even Semester) की कक्षाएं 13 जनवरी 2027 से शुरू होंगी।

इस फैसले के बाद छात्रों को अपनी पढ़ाई और परीक्षा की तैयारी ऑनलाइन माध्यम से जारी रखनी होगी। परीक्षा से संबंधित विस्तृत निर्देशों के लिए छात्रों को विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट और अपने विभाग की सूचनाओं पर नजर रखने की सलाह दी गई है।

लेटेस्ट न्यूज़