केरल में भारी बारिश का कहर, फ्लैश फ्लड और भूस्खलन से 9 की मौत; कई इलाके प्रभावित

तिरुवनंतपुरम: केरल में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच फ्लैश फ्लड और भूस्खलन की अलग-अलग घटनाओं में सोमवार तक नौ लोगों की मौत हो गई। मलप्पुरम, इडुक्की और कोट्टायम सबसे अधिक प्रभावित जिलों में हैं। अचानक जलस्तर बढ़ने और भूस्खलन से जनजीवन प्रभावित हुआ है।

मलप्पुरम जिले में नीलांबुर के पास कोट्टापुझा नदी में अचानक आई बाढ़ ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों के एक समूह को बहा दिया। इस घटना में पांच पर्यटकों की मौत हुई। रविवार रात दो शव बरामद किए गए, जबकि सोमवार सुबह तलाश अभियान दोबारा शुरू होने के बाद तीन और शव मिले। मृतकों की पहचान परन्नापरंबन मुहम्मद कुट्टी (69), मंगादन अनस (32), रहीम, कुप्पनाथ साज्जाद और चेट्टियारमल कुरुप्पथ रफीक के रूप में हुई है। एक महिला अभी भी लापता है और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) समेत बचाव दल उसकी तलाश में जुटे हैं।

इडुक्की के वट्टवडा स्थित कोट्टाक्कम्बूर में रविवार दोपहर भारी बारिश के दौरान बड़े भूस्खलन ने दो लोगों की जान ले ली। मृतकों की पहचान बालचंद्रन और उनकी बहन चिन्नू के रूप में हुई है। दोनों कोट्टाक्कम्बूर के रहने वाले थे। बालचंद्रन की पत्नी मारियम्मा हादसे में गंभीर रूप से घायल हुईं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इलाके में कई घंटों से तेज बारिश हो रही थी।

पूर्वी कोट्टायम में भी भारी बारिश के कारण कई स्थानों पर भूस्खलन हुए। टीकोई, थलनाड, पूंजार, अट्टीवरम और वागामोन समेत कई इलाके प्रभावित हुए हैं। जवाहर नगर, चेन्नई की रहने वाली संगीता अरुल लाल की मौत उस समय हो गई जब भूस्खलन की चपेट में उनकी दोपहिया वाहन आ गई। उनके साथ यात्रा कर रही एक महिला मित्र हादसे में बच गईं, लेकिन गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पूंजार के थेक्केक्करा पेरिंगुलम में भूस्खलन की चपेट में एक घर आने से बुजुर्ग जोसेफ की मौत हो गई। उनके दो बेटे जिमी और डेनिस उस समय घर के अंदर थे, लेकिन दोनों सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे। मंगलागिरी एरियाट्टुपारा में हुए एक अन्य भूस्खलन में दो घरों को गंभीर नुकसान पहुंचा। हालांकि, उस समय दोनों मकान खाली होने के कारण किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

केरल के मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन ने सोमवार को मलप्पुरम के चोक्कड़ और कोट्टापुझा क्षेत्र का दौरा कर राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। मुआवजे और राहत उपायों पर आगामी कैबिनेट बैठक में फैसला होगा। कोट्टापुझा हादसे वाली जगह पर लोगों की आवाजाही पर भी प्रतिबंध लगाया गया है, जबकि लापता महिला की तलाश जारी है।

इस बीच, भारत मौसम विज्ञान विभाग ने पठानमथिट्टा, अलप्पुझा, कोट्टायम, एर्नाकुलम, इडुक्की और त्रिशूर समेत कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने भारी बारिश के साथ 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक की तेज हवाओं की चेतावनी दी है। प्रशासन ने भूस्खलन संभावित पहाड़ी इलाकों और उफनती नदियों के किनारे रहने वाले लोगों से सतर्क रहने तथा निर्देश मिलने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।

लेटेस्ट न्यूज़