नई दिल्ली: देश के सबसे बड़े मेडिकल एंट्रेंस एग्जाम ‘नीट-यूजी’ (NEET-UG) की री-एग्जाम आज रविवार को आयोजित की जा रही है। इस परीक्षा में 22 लाख से अधिक मेडिकल उम्मीदवार शामिल हो रहे हैं। यह परीक्षा न केवल छात्रों के भविष्य का फैसला करेगी, बल्कि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) और केंद्र सरकार के लिए भी एक बड़ी अग्निपरीक्षा है। मई में हुए पेपर लीक विवाद के बाद, सरकार और एनटीए के सामने परीक्षा को पूरी पारदर्शिता के साथ कराने और छात्रों का भरोसा फिर से जीतने की बहुत बड़ी चुनौती है।
मई में आयोजित हुई परीक्षा का पेपर लीक होने और उसके बाद परीक्षा रद्द होने से पूरे देश में भारी आक्रोश देखने को मिला था। छात्रों के कड़े विरोध प्रदर्शनों के बीच शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक की मांग उठी थी। इस विवाद पर केंद्र सरकार ने खेद जताते हुए कहा था कि उन्होंने पारदर्शिता को प्राथमिकता दी है और समस्या का डटकर सामना करते हुए परीक्षा को दोबारा कराने का कठिन लेकिन सही फैसला लिया।
नीट की यह दोबारा परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित की जाएगी। इसके अलावा, दिव्यांग (PwD) उम्मीदवारों को नियमानुसार अतिरिक्त समय दिया जाएगा, जिससे वे शाम 6:20 बजे तक परीक्षा दे सकेंगे।
एनटीए (NTA) ने परीक्षार्थियों के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं। सभी छात्रों को अपने साथ एडमिट कार्ड, एक वैलिड फोटो आईडी प्रूफ और दो पासपोर्ट साइज फोटोग्राफ लाना अनिवार्य है। छात्रों को सुबह 11:00 बजे से दोपहर 1:30 बजे के बीच अपने परीक्षा केंद्रों पर रिपोर्ट करना होगा। दोपहर 1:30 बजे के बाद किसी भी परिस्थिति में परीक्षा केंद्र में एंट्री नहीं दी जाएगी।