CEC ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग वाली याचिका पर सुप्रीम कोर्ट अगले हफ्ते करेगा सुनवाई

नई दिल्ली: सुप्रीम कोर्ट ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और उनके कामकाज पर रोक लगाने की मांग वाली याचिका को अगले सप्ताह सुनवाई के लिए सूचीबद्ध करने पर सहमति जताई है। मंगलवार को मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ के सामने इस मामले का उल्लेख किया गया। पीठ में न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना भी शामिल हैं।

वरिष्ठ अधिवक्ता विकास सिंह ने याचिका को जल्द सूचीबद्ध करने का अनुरोध किया। उन्होंने दलील दी कि चुनाव आयोग एक बहुसदस्यीय संवैधानिक संस्था है और उसके फैसले निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत सर्वसम्मति या मतभेद की स्थिति में बहुमत से लिए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि आयोग के कामकाज को लेकर यह सवाल उठ रहा है कि कुछ फैसले वास्तव में आयोग के सामूहिक निर्णय थे या नहीं।

याचिका पटना निवासी राकेश कुमार सिंह ने संविधान के अनुच्छेद 32 के तहत दायर की है। इसमें दावा किया गया है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ने कुछ ऐसे अधिकारों का इस्तेमाल व्यक्तिगत रूप से किया, जो कानून के तहत पूरे चुनाव आयोग को प्राप्त हैं। याचिकाकर्ता ने सुप्रीम कोर्ट से यह स्पष्ट करने की मांग की है कि आयोग के नाम पर जारी होने वाले आदेश, निर्देश और अन्य फैसले बहुसदस्यीय आयोग की प्रक्रिया के अनुरूप ही लिए जाएं।

याचिका में CEC ज्ञानेश कुमार को अंतिम फैसला आने तक उनके पद के कार्यों से दूर रखने की अंतरिम मांग भी की गई है। इसके अलावा चुनाव आयोग के कामकाज से जुड़े मूल रिकॉर्ड अदालत के सामने पेश करने की मांग की गई है। इनमें बैठकों के मिनट्स, एजेंडा, फाइल नोटिंग, मंजूरी से जुड़े दस्तावेज, आदेश, काम के बंटवारे के रिकॉर्ड और इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम से जुड़े लॉग शामिल हैं।

याचिका में विशेष गहन पुनरीक्षण यानी Special Intensive Revision (SIR) को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। इसमें दावा किया गया है कि चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने अक्टूबर 2025 से अगस्त 2026 के बीच कई फैसलों और आदेशों पर आपत्तियां दर्ज की थीं। याचिका में इन कथित आपत्तियों को यह जांचने का आधार बनाया गया है कि संबंधित फैसले आयोग की सामूहिक मंजूरी से लिए गए थे या नहीं।

याचिका में मतदाता सूची से जुड़े Form 6 में बदलाव, चुनावी डेटा के प्रबंधन, IT सिस्टम में काम के बंटवारे और पश्चिम बंगाल में चुनावी अपीलों से संबंधित कुछ फैसलों का भी उल्लेख किया गया है। याचिकाकर्ता ने इन मामलों में संबंधित मंजूरियों और निर्णय प्रक्रिया के रिकॉर्ड की जांच की मांग की है।

हालांकि, याचिका में खुद कहा गया है कि इन सभी आरोपों को रिकॉर्ड की जांच के बिना तथ्य के रूप में तय नहीं किया जा सकता। इसी वजह से आयोग के मूल दस्तावेज अदालत के सामने पेश कराने की मांग की गई है।

वहीं, चुनाव आयोग ने अपने फैसलों की वैधता पर उठ रहे सवालों के बीच कहा है कि संस्थागत कामकाज में अलग-अलग राय और टिप्पणियां सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा हैं। आयोग का कहना है कि उसके सभी आदेश कानूनी अधिकार और निर्धारित प्रक्रियाओं के तहत जारी किए गए हैं।

सुप्रीम कोर्ट ने फिलहाल मामले की मेरिट पर कोई फैसला नहीं दिया है। अदालत ने केवल याचिका को अगले सप्ताह सुनवाई के लिए सूचीबद्ध करने पर सहमति जताई है। अब अगली सुनवाई में अदालत यह देखेगी कि याचिका में उठाए गए संवैधानिक और कानूनी सवालों पर आगे सुनवाई की जरूरत है या नहीं।

 

लेटेस्ट न्यूज़