रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच भारत का 3-स्तरीय ट्रूस प्रस्ताव, अनाज-ऊर्जा आपूर्ति जारी रखने पर जोर

नई दिल्ली: रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच भारत ने दोनों देशों के बीच सीमित संघर्षविराम के लिए तीन हिस्सों वाला प्रस्ताव सामने रखा है। इसका उद्देश्य महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे पर हमले रोकने के साथ-साथ ब्लैक सी के रास्ते अनाज और ऊर्जा की आपूर्ति को सुरक्षित बनाए रखना है। भारत की यह पहल ऐसे समय में सामने आई है, जब युद्ध के कारण खाद्य, ईंधन और उर्वरक की वैश्विक आपूर्ति पर लगातार दबाव बना हुआ है।

प्रस्ताव के तहत पहला कदम ऊर्जा प्रतिष्ठानों और अन्य महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे पर हमले रोकना है। इसके दायरे में बंदरगाह से जुड़ा बुनियादी ढांचा भी शामिल है। दूसरा हिस्सा ब्लैक सी के बंदरगाहों के जरिए अनाज और ऊर्जा की आवाजाही को जारी रखने से जुड़ा है। तीसरे हिस्से में रणनीतिक समुद्री क्षेत्र में वाणिज्यिक जहाजों पर हमले रोकने की बात कही गई है।

भारत ने यह पहल विदेश मंत्री एस. जयशंकर की हालिया यूक्रेन यात्रा के दौरान वहां के नेतृत्व के सामने रखी थी। इसके बाद यूक्रेन के विदेश मंत्री एंड्री सिबिहा ने भारत के प्रस्ताव को चार अलग-अलग देशों से मिले प्रस्तावों में सबसे व्यापक बताया। यूक्रेन को भारत के अलावा अमेरिका, तुर्किये और मिस्र से भी संभावित संघर्षविराम से जुड़े प्रस्ताव मिले हैं।

तुर्किये और मिस्र का जोर मुख्य रूप से ब्लैक सी में वाणिज्यिक जहाजों की सुरक्षा और यूक्रेनी अनाज के निर्यात को फिर शुरू करने पर रहा है। वहीं, अमेरिकी प्रस्ताव में ऊर्जा प्रतिष्ठानों पर हमले रोकने पर विशेष जोर दिया गया है। भारत का प्रस्ताव इन दोनों पहलुओं को जोड़ते हुए ऊर्जा, बुनियादी ढांचे और समुद्री व्यापार को एक साथ कवर करता है।

जयशंकर ने भी कहा है कि भारत हाल के महीनों में रूस और यूक्रेन दोनों के साथ इस मुद्दे पर बातचीत कर रहा है। शुरुआत में बातचीत का केंद्र ब्लैक सी में जहाजों और उनमें मौजूद लोगों की सुरक्षा था। बाद में चर्चा अनाज निर्यात और ऊर्जा आपूर्ति तक पहुंची। भारत का मानना है कि इन क्षेत्रों में सीमित स्तर पर भी सहमति बनना सकारात्मक कदम होगा।

यूक्रेन ने संकेत दिया है कि वह ऊर्जा और ब्लैक सी से जुड़े संघर्षविराम पर विचार करने के लिए तैयार है, लेकिन इसके लिए ऊर्जा और बंदरगाह बुनियादी ढांचे पर हमले रोकना जरूरी होगा। साथ ही, कीव ने व्यापक संघर्षविराम की संभावना पर भी चर्चा की है।

रूस की ओर से भारतीय प्रस्ताव पर औपचारिक प्रतिक्रिया अभी स्पष्ट नहीं हुई है। हालांकि, राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शांति प्रयासों और युद्ध समाप्त करने से जुड़े विचारों की सराहना की है। भारत लगातार यह रुख दोहराता रहा है कि रूस-यूक्रेन विवाद का समाधान बातचीत और कूटनीति के जरिए ही संभव है।

 

लेटेस्ट न्यूज़