कॉव्लून में चल रहे हांगकांग ओपन सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट में शनिवार, 21 नवंबर को भारत की सभी उम्मीदें समाप्त हो गईं। पुरुष युगल में सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की स्टार जोड़ी तथा पुरुष एकल में लक्ष्य सेन को अपने-अपने सेमीफ़ाइनल मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा। इस दोहरी हार के साथ ही टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचने का भारतीय प्रशंसकों का सपना टूट गया।
विश्व की नंबर 6 भारतीय जोड़ी सात्विक और चिराग का सामना मलेशिया के मान वेई चोंग और टी काई वुन की आठवीं वरीयता प्राप्त जोड़ी से था। यह मैच रोमांच से भरपूर रहा, मगर अंत में भारतीय जोड़ी को निराश लौटना पड़ा। इस साल सिंगापुर और चीन में खिताब जीत चुकी भारतीय जोड़ी 4-1 के शानदार हेड-टू-हेड रिकॉर्ड के साथ कोर्ट पर उतरी थी, लेकिन मलेशियाई जोड़ी ने उन्हें 18-21, 19-21 से मात दे दी।
मैच की शुरुआत बेहद तेज़ रही। सात्विक और चिराग ने आक्रामक खेल दिखाते हुए 3-0 की बढ़त बनाई, लेकिन मलेशियाई खिलाड़ियों ने जल्द ही वापसी की। पहले गेम में दोनों जोड़ियों के बीच जोरदार रैलियां देखने को मिली। 16-12 से पिछड़ने के बाद सात्विक के दमदार स्मैश और चिराग के सटीक नेट शॉट्स की बदौलत भारत ने स्कोर 18-19 तक पहुंचाया, पर मलेशियाई जोड़ी ने पहला गेम 21-18 से जीत लिया। दूसरे गेम में भी भारतीय जोड़ी ने 7-3 की शुरुआती बढ़त गंवा दी। हालांकि, मैच के अंतिम क्षणों में सात्विक-चिराग ने शानदार वापसी करते हुए स्कोर 19-19 से बराबर किया।
दूसरी ओर, पुरुष एकल के सेमीफ़ाइनल में भारतीय स्टार लक्ष्य सेन को डेनमार्क के दिग्गज खिलाड़ी एंडर्स एंटोनसेन के हाथों 13-21, 13-21 से एकतरफा हार झेलनी पड़ी। पिछले दो हफ्तों में हाइलो ओपन और कुमामोटो मास्टर्स जापान का खिताब जीतने वाले लक्ष्य इस मुकाबले में अपनी लय में नजर नहीं आए।
पहले गेम में 8-8 की बराबरी के बाद डेनमार्क के एंटोनसेन ने सटीक प्लेसमेंट और लंबी रैलियों के दम पर बढ़त बनानी शुरू की।मैच में लक्ष्य पर पिछले दो हफ्तों की लगातार थकान का असर साफ दिखा। इस दौरान उनकी मूवमेंट धीमी रही।
टूर्नामेंट के फाइनल मैच 22 नवंबर 2026 को हैं। मेन्स डबल्स फाइनल अब मलेशिया और इंडोनेशिया के बीच एवं मेन्स सिंगल्स डेनमार्क और थाईलैंड के बीच खेला जाएगा।