गन्ना किसानों ने पुणे-बेंगलुरु नेशनल हाईवे किया जाम, कई इलाकों में यातायात प्रभावित

बेलगावी: कर्नाटक में गन्ना किसानों ने उचित और लाभकारी मूल्य (FRP) बढ़ाने समेत अपनी लंबित मांगों को लेकर आंदोलन तेज कर दिया है। मंगलवार को किसानों ने कर्नाटक-महाराष्ट्र सीमा के पास पुणे-बेंगलुरु राष्ट्रीय राजमार्ग-48 को जाम कर दिया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। किसानों ने साफ किया कि मांगें पूरी होने तक उनका विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।

हत्तार्गी टोल प्लाजा पर जुटे सैकड़ों किसान

बेलगावी जिले के हुक्केरी तालुक में हत्तार्गी टोल प्लाजा पर सैकड़ों किसान एकत्र हुए और राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही रोक दी। किसानों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए गन्ने का उचित मूल्य तय करने की मांग उठाई।

यह आंदोलन हिरेबागेवाड़ी और कुंगनोली टोल प्लाजा सहित अन्य स्थानों तक भी फैल गया। बागलकोट, विजयपुरा और हुबली-धारवाड़ समेत राज्य के कई हिस्सों में किसानों ने सड़कों पर प्रदर्शन किया। यातायात बाधित होने के बाद पुलिस ने महाराष्ट्र से बेलगावी आने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था की।

बैठक बेनतीजा रहने के बाद तेज हुआ आंदोलन

किसान संगठनों के प्रतिनिधियों और केंद्रीय मंत्रियों के बीच सोमवार को नई दिल्ली में बैठक हुई थी। किसानों की मांगों पर तत्काल निर्णय नहीं होने के बाद संगठनों ने मंगलवार को राज्यव्यापी आंदोलन तेज करने का आह्वान किया।

किसान गन्ने का लाभकारी मूल्य बढ़ाने, चीनी के न्यूनतम बिक्री मूल्य में संशोधन और स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों को लागू करने की मांग कर रहे हैं। कुछ किसान संगठनों ने गन्ने के लिए 5,500 रुपये प्रति टन तक कीमत देने की मांग भी उठाई है।

दो महिला किसानों के आत्महत्या की कोशिश का दावा

कोप्पल जिले में हिटनाल टोल गेट के पास राजमार्ग जाम के दौरान दो महिला किसानों द्वारा कथित तौर पर आत्महत्या की कोशिश किए जाने की खबर सामने आई। प्रदर्शनकारी स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू करने की मांग कर रहे थे।

सरकार ने समिति बनाने की बात कही

केंद्रीय खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रह्लाद जोशी ने किसानों से आंदोलन और सड़क जाम वापस लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए राज्य सरकारों के साथ मिलकर काम करेगी। इस मुद्दे पर किसानों, कृषि वैज्ञानिकों और केंद्र तथा राज्य सरकारों के प्रतिनिधियों की एक संयुक्त समिति बनाने का प्रस्ताव भी सामने आया है।

कर्नाटक सरकार ने भी गन्ने की कटाई के उचित समय, चीनी की रिकवरी और गन्ने के वजन में पारदर्शिता जैसे मुद्दों का वैज्ञानिक अध्ययन कराने की बात कही है।

फिलहाल किसानों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं होता, आंदोलन जारी रहेगा। वहीं, राजमार्ग पर यातायात बाधित होने के कारण पुलिस ने यात्रियों को वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की सलाह दी है।

 

लेटेस्ट न्यूज़