नई दिल्ली: नीट परीक्षा विवाद को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे प्रदर्शनकारियों और प्रशासन के बीच तनाव बढ़ता जा रहा है। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके ने रविवार को प्रशासन से अपील की है कि जंतर-मंतर विरोध स्थल पर बने सार्वजनिक शौचालयों (Restrooms) की पानी की सप्लाई को न काटा जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि वहां जुटे हजारों प्रदर्शनकारियों को परेशान करने के लिए पानी की सप्लाई रोकी गई है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर अपनी एक पोस्ट में अभिजीत दिपके ने लिखा, “मैं अधिकारियों से अनुरोध करता हूं कि जंतर-मंतर विरोध स्थल पर बने शौचालयों की पानी की सप्लाई को बंद न करें। कल रात से ही सार्वजनिक शौचालयों में पानी की सप्लाई नहीं आ रही है।”
यह विवाद तब सामने आया जब शनिवार देर रात निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी प्रदर्शनकारी पुलिस के निर्देशों को दरकिनार कर जंतर-मंतर पर धरने पर बैठे रहे। कॉकरोच जनता पार्टी के नेतृत्व में हो रहे इस प्रदर्शन में छात्र और कार्यकर्ता परीक्षाओं में हुई गड़बड़ियों के खिलाफ जवाबदेही तय करने और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। इससे पहले सीजेपी (CJP) ने यह भी आरोप लगाया था कि दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन स्थल की लाइटें बंद कर दी थीं और प्रदर्शनकारियों के लिए भोजन और वॉशरूम तक पहुंच को बाधित कर दिया था।
अभिजीत दिपके ने दिल्ली पुलिस से जंतर-मंतर पर आने वाले लोगों को न रोकने की भी अपील की है। उन्होंने अपनी पोस्ट में आगे लिखा, “मैं पुलिस से अनुरोध करता हूं कि वे लोगों को जंतर-मंतर आने से न रोकें। हम कुछ भी गलत नहीं कर रहे हैं, हम सिर्फ उन छात्रों के लिए न्याय मांग रहे हैं जिन्होंने आत्महत्या जैसा आत्मघाती कदम उठाया है।”