TMC को बड़ा झटका: 440 करोड़ रुपये वाले तीन बैंक खाते फ्रीज, बागी विधायकों की शिकायत पर पुलिस का बड़ा एक्शन

टीएमसी_अकाउंट_फ्रीज, तृणमूल_कांग्रेस,पश्चिम_बंगाल_राजनीति

कोलकाता: तृणमूल कांग्रेस (TMC) के भीतर चल रही वर्चस्व की जंग अब पार्टी के फंड और बैंक खातों तक पहुंच गई है। टीएमसी के करीब 440 करोड़ रुपये की राशि वाले तीन बैंक खातों से होने वाले वित्तीय लेनदेन (Debit Operations) पर रोक लगा दी गई है। यह कदम पार्टी के बागी विधायकों की उस शिकायत के बाद उठाया गया है, जिसमें उन्होंने इन खातों में जमा भारी-भरकम रकम के स्रोतों की जांच करने की मांग की थी। इस कार्रवाई के बाद विपक्षी दल के भीतर वित्तीय नियंत्रण को लेकर अंदरूनी कलह और तेज हो गई है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने पीटीआई (PTI) को बताया कि एक निजी क्षेत्र के बैंक में मौजूद इन तीनों खातों को ‘डेबिट फ्रीज’ पर रख दिया गया है। इसका मतलब यह है कि अब इन खातों से कोई भी निकासी या बाहर पैसा ट्रांसफर नहीं किया जा सकेगा, हालांकि खातों में पैसे जमा होने की प्रक्रिया जारी रह सकती है।

यह कार्रवाई टीएमसी के भीतर पूर्व मंत्री अरूप विश्वास और विधानसभा में विपक्ष के नेता रीताब्रत बनर्जी के गुटों के बीच संगठनात्मक और वित्तीय ढांचे पर नियंत्रण को लेकर चल रही खींचतान के बीच हुई है। हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों में पार्टी की हार के बाद से ही दोनों गुटों में सत्ता संघर्ष तेज हो गया है।

बिधाननगर पुलिस कमिश्नरेट के साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में बनर्जी गुट के 10 विधायकों ने शिकायत दर्ज कराई थी। विधायकों ने एफआईआर (FIR) दर्ज करने और इन खातों की विस्तृत जांच की मांग की थी, जिसके बाद बैंक खातों को फ्रीज करने का फैसला लिया गया। विधायकों ने खातों में जमा पैसों के स्रोत पर सवाल उठाते हुए जांच की मांग की है कि यह पैसा कानूनी स्रोतों से आया है या फिर अवैध गतिविधियों, जैसे कि कट-मनी कलेक्शन, सार्वजनिक धन का दुरुपयोग या घोटालों से कमाया गया है।

शिकायत पत्र के अनुसार, विधायकों ने कहा है कि उन्हें पुख्ता जानकारी मिली है कि अवैध गतिविधियों, प्रभाव के दुरुपयोग और बेईमानी से किए गए वित्तीय लेन-देन के जरिए जुटाया गया पैसा इन बैंक खातों में रूट और डिपॉजिट किया गया हो सकता है।

दूसरी तरफ, ममता बनर्जी के प्रति वफादार एक वरिष्ठ विधायक ने कहा कि उनके गुट को पुलिस की इस कार्रवाई की जानकारी मिली है, लेकिन वे अभी औपचारिक सूचना का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि शाम तक स्थिति पूरी तरह साफ हो पाएगी।

दिलचस्प बात यह है कि यह घटनाक्रम टीएमसी के वरिष्ठ नेता अरूप विश्वास द्वारा बैंक को लिखे गए उस पत्र के कुछ दिनों बाद आया है, जिसमें उन्होंने खातों को सुरक्षित रखने और लेनदेन को निलंबित करने की मांग की थी। विश्वास का कहना था कि जब तक संगठन के भीतर नेतृत्व का विवाद नहीं सुलझ जाता, तब तक पार्टी की 500 करोड़ से अधिक की जमा राशि के लेन-देन पर रोक रहनी चाहिए। जहां विश्वास ने प्रबंधन के विवाद को लेकर खाते फ्रीज करने की मांग की थी, वहीं बागी विधायकों ने अब इस मामले में फंड के स्रोत की आपराधिक जांच की मांग जोड़ दी है।

लेटेस्ट न्यूज़