नई दिल्ली: Xiaomi ने भारत में अपनी Redmi Note 17 सीरीज का विस्तार करते हुए Redmi Note 17 Pro 5G और Redmi Note 17 Pro Max 5G लॉन्च कर दिए हैं। नए स्मार्टफोन में कंपनी ने बड़ी बैटरी, हाई-ब्राइटनेस AMOLED डिस्प्ले और मजबूत बिल्ड पर खास जोर दिया है। Redmi Note 17 Pro 5G की शुरुआती कीमत ₹33,999 रखी गई है, जबकि Pro Max की कीमत ₹44,999 से शुरू होती है। Note 17 Pro की बिक्री 17 सितंबर से शुरू होगी।
Redmi Note 17 Pro 5G में 6.83 इंच का 1.5K 12-बिट AMOLED डिस्प्ले दिया गया है, जो 120Hz रिफ्रेश रेट और 3500 निट्स की पीक ब्राइटनेस सपोर्ट करता है। डिस्प्ले की सुरक्षा के लिए Corning Gorilla Glass Victus 2 दिया गया है। फोन में 16MP का फ्रंट कैमरा है। पीछे 50MP का मुख्य कैमरा ऑप्टिकल इमेज स्टेबिलाइजेशन (OIS) के साथ और 8MP का अल्ट्रा-वाइड कैमरा मिलता है। मुख्य कैमरा 1080p वीडियो रिकॉर्डिंग सपोर्ट करता है।
फोन की सबसे बड़ी खासियत इसकी 9000mAh की सिलिकॉन-कार्बन बैटरी है। कंपनी के अनुसार, यह बैटरी करीब साढ़े तीन दिन तक चलने का दावा करती है। इसे 67W वायर्ड फास्ट चार्जिंग और 22.5W रिवर्स चार्जिंग का सपोर्ट मिलता है। खास बात यह है कि 67W का चार्जर फोन के साथ बॉक्स में दिया जाएगा।
Redmi Note 17 Pro 5G में Qualcomm Snapdragon 6s Gen 4 प्रोसेसर दिया गया है। इसमें 8GB LPDDR4X फिजिकल RAM के साथ वर्चुअल RAM का इस्तेमाल कर कुल 16GB तक RAM उपलब्ध होने का दावा किया गया है। स्टोरेज के लिए 128GB और 256GB के विकल्प मिलते हैं। फोन तीन रंगों—Stealth Black, Purple Vibe और Cloud Blue—में उपलब्ध होगा।
ड्यूरेबिलिटी के मामले में भी फोन को मजबूत बनाया गया है। Redmi Note 17 Pro 5G को IP66, IP68, IP69 और IP69K रेटिंग मिली है। कंपनी का दावा है कि फोन को दो मीटर तक पानी में 72 घंटे तक डूबे रहने की स्थिति में भी सुरक्षा मिल सकती है। इसके अलावा तीन मीटर तक की ऊंचाई से गिरने के खिलाफ भी फोन की मजबूती को प्रमाणित किए जाने की जानकारी दी गई है।
सॉफ्टवेयर की बात करें तो फोन Android 16 पर आधारित Xiaomi HyperOS 3 पर चलेगा। कंपनी ने कुल 10 साल के सॉफ्टवेयर सपोर्ट का दावा किया है, जिसमें चार साल के OS अपडेट और छह साल के सिक्योरिटी अपडेट शामिल हैं। 8GB+128GB मॉडल की कीमत ₹33,999 और 8GB+256GB मॉडल की कीमत ₹36,999 बताई गई है।
वहीं, Redmi Note 17 Pro Max 5G में 10,000mAh की बड़ी बैटरी, 100W फास्ट चार्जिंग और Snapdragon 6 Gen 5 प्रोसेसर दिया गया है। इसमें 32MP का फ्रंट कैमरा और बेहतर वीडियो रिकॉर्डिंग क्षमता भी मिलती है। Pro Max की बिक्री 23 सितंबर से शुरू होगी और इसकी शुरुआती कीमत ₹44,999 है।